बदरीनाथ चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन, पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार

Badrinath Donation Scam: उत्तराखंड के बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। बदरीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। राजेंद्र चौहान पिछले महीने 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष के वैयक्तिक सचिव प्रमोद नौटियाल को भी इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को जांच टीम ने मंदिर के कंट्रोल रूम से सीसीटीवी हार्ड डिस्क, कंप्यूटर और अन्य उपकरण अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच की थी। जांच के दौरान सामने आए फुटेज में राजेंद्र चौहान 22, 25 और 29 जून को गणना कक्ष में नकदी की कथित हेराफेरी करते हुए दिखाई दिए। इसके बाद एसआईटी ने करीब चार घंटे तक पूछताछ की और शुक्रवार दोपहर 2:59 बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

जांच रिपोर्ट में दिए गए कई सुझाव

मामले की जांच के बीच बीकेटीसी ने दान प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के चलते कोषाध्यक्ष संदेश मेहता को उनके पद से हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया है। बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि चार सदस्यीय जांच समिति अपनी 18 पन्नों की रिपोर्ट सौंप चुकी है।

रिपोर्ट में चढ़ावे की सुरक्षा बढ़ाने के लिए गणना के दौरान ड्रेस कोड लागू करने, नए सीसीटीवी कैमरे लगाने, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे कई सुझाव दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।

Also Read: सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरीं आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.