पाकिस्तान में सेना के काफिले पर हमला, 45 सैनिकों की मौत, हाई अलर्ट जारी

Balochistan Attack: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सेना के काफिले पर हुए बड़े हमले के बाद पूरे सुरक्षा तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गुरुवार को मस्तुंग जिले में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने सैन्य काफिले पर हमला किया। संगठन ने दावा किया कि इस हमले में 45 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। हालांकि, पाकिस्तान सरकार और सेना ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों ने केवल इतना स्वीकार किया है कि सेना का काफिला हमले का शिकार हुआ और इसके बाद राहत व सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया गया।

अस्पतालों में मेडिकल इमरजेंसी, हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू

हमले के बाद क्वेटा के सिविल हॉस्पिटल, घौस बख्श रायसानी मेमोरियल हॉस्पिटल और अन्य अस्पतालों में मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। घायल सुरक्षा कर्मियों को एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर गनशिप की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, पाकिस्तान ने अब तक यह नहीं बताया है कि कितने जवान घायल हुए हैं और कितनों का इलाज चल रहा है।

10 बसों के काफिले को बनाया गया निशाना

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, सेना के जवान करीब 10 बसों के काफिले में यात्रा कर रहे थे। बीएलए का दावा है कि उसने इसी काफिले और मौके पर पहुंची अतिरिक्त सुरक्षा टुकड़ियों को निशाना बनाया। घटना के बाद क्वेटा-कराची राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्सों पर यातायात रोक दिया गया और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

फिलहाल बीएलए के 45 सैनिकों के मारे जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तानी सेना ने भी अपने नुकसान का आधिकारिक ब्योरा जारी नहीं किया है। हालांकि हमले के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके में हालात पर नजर रखी जा रही है।

Also Read: सीरिया से ओमान तक अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान ने किए ताबड़तोड़ मिसाइल हमले 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.