लखनऊ में कार के अंदर मिला दरोगा का शव, सीने पर मिले खून के निशान
Lucknow News : लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात दरोगा अजय सिंह (34) का शव शुक्रवार को मोहान रोड स्थित अर्श हॉस्पिटल के सामने खड़ी उनकी सेंट्रो कार के अंदर मिला। पुलिस के अनुसार, कार गुरुवार शाम से ही सड़क किनारे खड़ी थी। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे स्थानीय लोगों ने लावारिस कार की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने कार का शीशा तोड़कर शव बाहर निकाला। जेब में मिले आई-कार्ड से मृतक की पहचान दरोगा अजय सिंह के रूप में हुई।
सीने पर खून के निशान
पुलिस ने बताया कि करीब 24 घंटे तक कार बंद रहने के कारण शव फूल गया था। दरोगा के सीने पर खून के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
हापुड़ में पत्नी , लखनऊ में रह रहे थे अकेले
जांच में पता चला कि अजय सिंह मूल रूप से हापुड़ के रहने वाले थे। उनकी पत्नी कोमल पिछले करीब एक वर्ष से हापुड़ में रह रही थीं, जबकि अजय सिंह ड्यूटी के कारण लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा में किराये के मकान में अकेले रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और मौत के कारण का आधिकारिक खुलासा होगा।
Also Read: लखनऊ में 15 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, म्यूल बैंक अकाउंट चलाने वाला गिरफ्तार

