Muzaffarnagar: ससुर 2 साल से रोज करता था रेप, बहू ने ब्लेड से काट दिया प्राइवेट पार्ट
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने ससुर पर पिछले दो वर्षों से लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए ब्लेड से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल ससुर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना शहर के चंधेड़ी रोड स्थित सफीपुर पट्टी इलाके की है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे घर के अंदर यह वारदात हुई। हमले के बाद महिला खुद घर से बाहर निकल आई, जबकि घायल बुजुर्ग दर्द से तड़पता रहा। पड़ोसियों ने उसकी चीखें सुनकर पुलिस को सूचना दी।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
महिला का आरोप है कि उसका ससुर पिछले दो साल से उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता था। उसने बताया कि उसने कई बार अपने पति को इसकी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया। महिला का कहना है कि उसे पहले से अंदेशा था कि ससुर फिर उसके साथ जबरदस्ती करेगा, इसलिए उसने अपने पास ब्लेड रख ली थी।
महिला ने पुलिस को बताया कि घर के काम के दौरान भी ससुर उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
पति हरियाणा में करता है काम
पुलिस के मुताबिक महिला की शादी सात साल पहले हुई थी। उसके दो बेटियां हैं। महिला का पति पिछले करीब दो साल से हरियाणा में रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा कर रहा है। सास की मौत हो चुकी है और घर में महिला, उसका ससुर तथा दोनों बच्चियां रहती थीं। ससुर टेंपो चलाने का काम करता है।
घटना के बाद घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला के पति को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
सीओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

