वांगचुक पर हमले का दावा, अभिजीत दीपके हिरासत में, जंतर-मंतर पर पुलिस ऐक्शन से मचा बवाल

Sonam Wangchuk Hunger Protest: जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के दिल्ली पुलिस अस्पताल ले गई। पुलिस का कहना है कि यह कदम दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश और वांगचुक की लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए उठाया गया। इस कार्रवाई के बाद धरना स्थल पर तनाव बढ़ गया और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जगह खाली करने को कहा।

इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया। दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक पर हमला करने की कोशिश भी हुई।

दीपके का दावा

अभिजीत दीपके ने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ लोगों ने जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक पर कोई वस्तु फेंकने की कोशिश की, हालांकि उन्हें चोट नहीं लगी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें पहले ही पुलिस के एक सूत्र से प्रदर्शन बाधित करने की आशंका की जानकारी मिली थी। दीपके ने कहा कि यदि वांगचुक को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

पुलिस कार्रवाई के बाद जंतर-मंतर पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती कर दी गई है। चार स्तर की बैरिकेडिंग लगाई गई है और सुरक्षा बल पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक धरना स्थल खाली करने के लिए समझा रही है।

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती

दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों की टीम पहले से मौजूद थी। अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच की जा रही है और स्वास्थ्य रिपोर्ट जारी किए जाने की संभावना है। एक दिन पहले डॉक्टरों ने चेतावनी दी थी कि लगातार अनशन के कारण उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं।

क्या हैं Sonam Wangchuk की मांगें?

सोनम वांगचुक NEET पेपर लीक समेत कथित परीक्षा अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं। उनके आंदोलन को कई विपक्षी नेताओं का समर्थन मिला है। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, सपा सांसद डिंपल यादव और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा उनसे मुलाकात कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल सहित कई नेताओं ने उनसे स्वास्थ्य को देखते हुए अनशन समाप्त करने की अपील भी की है।

Also Read: जंतर-मंतर से हटाए गए सोनम वांगचुक, जबरन अस्पताल ले गई दिल्ली पुलिस, CJP का हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.