Lucknow का ऐशबाग बना नया अमृत स्टेशन, PM मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण, होगी ये सुविधाएं
Lucknow Ashbagh Railway Station: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण और विभिन्न रेल परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसी क्रम में लखनऊ मंडल के ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअल उद्घाटन किया गया। करीब 24.13 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है, जिससे यात्रियों को पहले से बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
ऐशबाग स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल, मुकेश शर्मा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, डीआरएम गौरव अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
24.13 करोड़ रुपये से हुआ स्टेशन का कायाकल्प
डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत Lucknow के ऐशबाग जंक्शन को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री सुविधाओं से लैस स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। स्टेशन परिसर का विस्तार और सौंदर्यीकरण किया गया है। साथ ही पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया और हरित क्षेत्र भी विकसित किए गए हैं।
स्टेशन पर किए गए प्रमुख विकास कार्य:
- स्टेशन परिसर का विस्तार और सौंदर्यीकरण
- लगभग 5,500 वर्गमीटर का आधुनिक पार्किंग क्षेत्र
- 4,300 वर्गमीटर का सर्कुलेटिंग एरिया विकसित
- प्लेटफॉर्म पर आधुनिक फर्श और नए प्रसाधन
- एलईडी साइनेज और बेहतर यातायात व्यवस्था
- दोनों प्रवेश द्वारों पर ‘काऊ कैचर’ की व्यवस्था
सितंबर से शुरू होगा नया फुटओवर ब्रिज
वर्तमान में स्टेशन पर एक फुटओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म-1 व 6 पर लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है। रेलवे के अनुसार सितंबर से 6 मीटर चौड़े नए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण शुरू होगा, जिसे अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सभी प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट और दोनों छोर पर एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में बच्चों का सांस्कृतिक प्रदर्शन
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए स्टेशन पर विकसित नई सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की विशेषताओं की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि स्काउट-गाइड के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और लघु नाटिका प्रस्तुत की। अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Also Read: DM की जांच में खुली लखनऊ नगर निगम की पोल, 36 IGRS शिकायतों का गलत निस्तारण आया सामने

