यूक्रेन के ड्रोन हमले में मास्को के पास ऑयल डिपो में लगी भीषण आग, तांबोव में 7 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: यूक्रेन ने शनिवार तड़के रूस के कई रणनीतिक इलाकों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर आत्मघाती ड्रोन हमले किए। इस हमले में मास्को से दक्षिण-पूर्व में स्थित तांबोव क्षेत्र के कोटोव्स्क शहर में एक लॉजिस्टिक्स सेंटर को भारी नुकसान पहुंचा है, जहाँ 7 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई और करीब 25 अन्य लोग घायल हुए हैं। तांबोव के गवर्नर येवगेनी पेर्विशोव के अनुसार, यह हमला रूस की दिग्गज ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के वेयरहाउस पर हुआ, जहां नाइट शिफ्ट के कर्मचारी काम कर रहे थे।
गवर्नर ने दावा किया कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली (एयर डिफेंस सिस्टम) ने मुस्तैदी दिखाते हुए लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही 28 यूक्रेनी ड्रोनों को हवा में ही ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर ये सभी ड्रोन अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते, तो आम नागरिकों के हताहत होने का आंकड़ा बेहद खौफनाक हो सकता था। फिलहाल प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
खाली कराया गया मैटरनिटी अस्पताल
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, हमलों की एक अन्य खौफनाक तस्वीर मास्को क्षेत्र के नोगिंस्क शहर से सामने आई। यहाँ यूक्रेन के एक ड्रोन का जलता हुआ मलबा सीधे एक बड़े तेल डिपो पर जा गिरा, जिससे वहां भीषण आग लग गई। मास्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि इस अग्निकांड में दो लोग झुलस गए हैं। सुरक्षा और एहतियात के मद्देनजर डिपो के पास स्थित एक मैटरनिटी (प्रसूति) अस्पताल को तुरंत खाली करा लिया गया है।
यह डिपो पेट्रोल, डीजल और केरोसीन जैसे हल्के पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण का मुख्य केंद्र है। इस रणनीतिक डिपो में कुल 24 विशाल स्टोरेज टैंक हैं, जिनकी कुल भंडारण क्षमता लगभग 11,500 घन मीटर है। बता दें कि 24 फरवरी 2022 से चल रहे इस युद्ध में हाल के महीनों के दौरान दोनों ही देशों की तरफ से एक-दूसरे के आर्थिक और सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमलों में अप्रत्याशित तेजी देखी जा रही है।
Also Read: जंतर-मंतर पर CJP प्रमुख अभिजीत दीपके पर फेंकी गई स्याही, बोले- ‘नीला मेरा रंग है, जय भीम’

