जंतर-मंतर पर CJP प्रमुख अभिजीत दीपके पर फेंकी गई स्याही, बोले- ‘नीला मेरा रंग है, जय भीम’
Abhijit Deepke: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को चल रहे प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर स्याही फेंक दी। उस वक्त दीपके प्रदर्शनकारियों को मंच से संबोधित कर रहे थे। महिला उनके पास पहुंची और लगातार तीन बार हाथ चलाकर स्याही फेंकी, जिससे उनके चेहरे और हाथों पर स्याही लग गई।
समर्थकों ने महिला को पकड़ा, पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने महिला को पकड़ लिया। दीपके ने समर्थकों को महिला के साथ मारपीट करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोगों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। महिला पर जूता भी फेंका गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान और स्याही फेंकने के पीछे की वजह सामने नहीं आई थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
‘नीला मेरा रंग है, जय भीम’ लिखकर दी प्रतिक्रिया
घटना के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो साझा किया। उन्होंने नाराजगी जताने के बजाय लिखा, “नीला मेरा रंग है, जय भीम।” इसी दिन सुबह दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया।
CJP पिछले करीब एक महीने से NEET परीक्षा लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने 20 जुलाई को संसद मार्च की भी घोषणा की है। हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने के कारण सोनम वांगचुक इस मार्च में शामिल होंगे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
Also Read: धर्मेंद्र प्रधान के बाद CJP के निशाने पर आए प्रधानमंत्री मोदी, उठाई इस्तीफे की मांग

