सीतापुर में शराब के लिए बेटे ने ली मां की जान, रातभर शव के पास बैठा रहा आरोपी
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गांव में शराब पीने के लिए रुपये न मिलने पर एक बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां सावित्री देवी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी पूरी रात अपनी मां के शव के पास ही रहा। सुबह नशा उतरने पर उसने ग्राम प्रधान को फोन कर मां की मौत की जानकारी दी। मामले में मृतका के भांजे किशन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी त्रिभुवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
शराब के लिए मां से मांगे रुपये, विरोध करने पर हमला
पुलिस के अनुसार, सावित्री देवी अपने बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। उनके पति लालजी का पहले ही निधन हो चुका था। त्रिभुवन की शराब की लत के कारण उसकी पत्नी करीब 10 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा और शराब के लिए मां से रुपये मांगने लगा। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि त्रिभुवन ने मां की पिटाई की और उनका सिर दीवार से टकरा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
दीवार पर मिले खून के निशान
रविवार सुबह आरोपी ने ग्राम प्रधान को फोन कर अंतिम संस्कार कराने की बात कही। मौके पर पहुंचे प्रधान ने आंगन में शव और सिर से बहता खून देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी आशीष तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपी नशे में होने के कारण ठीक से बयान नहीं दे पा रहा है।
घर की दीवार पर खून के निशान मिले हैं, जिससे सिर दीवार से टकराने की आशंका है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई बार अपनी मां के साथ मारपीट कर चुका था।
Also Read: Muzaffarnagar: ससुर 2 साल से रोज करता था रेप, बहू ने ब्लेड से काट दिया प्राइवेट पार्ट

