‘भाजपा सरकार नहीं, अहंकार है’, सोनम वांगचुक पर पुलिस कार्रवाई से भड़के अखिलेश यादव
Sandesh Wahak Digital Desk: सोनम वांगचुक को दिल्ली के जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस कार्रवाई को “बल-प्रयोग” बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि इससे देश ही नहीं, पूरी दुनिया में गलत संदेश गया है।
अखिलेश यादव ने मांग की कि जिन लोगों ने सादी वर्दी में जाकर सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से हटाया, उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
न्यायिक निगरानी में इलाज की मांग
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सोनम वांगचुक का उपचार न्यायिक निगरानी में कराया जाना चाहिए। उनके मुताबिक वांगचुक केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान, नवाचार और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की इस कार्रवाई ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की लोकतांत्रिक और मानवीय छवि को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से देख रहे हैं और सरकार के रवैये पर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा संवाद की नहीं, बल्कि टकराव की राजनीति करती है। उनके अनुसार सरकार आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन आज की युवा पीढ़ी डिजिटल माध्यमों से अपनी आवाज बुलंद करना जानती है।
आंदोलन पर सियासत तेज
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी दल लगातार सरकार से कार्रवाई का कारण स्पष्ट करने और पूरे घटनाक्रम में पारदर्शिता बरतने की मांग कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कदम उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और अदालत के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया।
Also Read: लखनऊ में पोस्टर वॉर! ‘श्रीकृष्ण’ विवाद पर BJP का अखिलेश से सीधा सवाल, सपा ने किया विरोध

