CBSE 10वीं के छात्रों का इंतजार खत्म, सेकेंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आउट, ऐसे देखें मार्कशीट

CBSE 10th Result 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की सेकेंड बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल छात्र अब DigiLocker Results Portal के जरिए अपना स्कोरकार्ड ऑनलाइन देख और डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड के मुताबिक, मुख्य परीक्षा और सेकेंड बोर्ड परीक्षा के संयुक्त परिणाम के आधार पर इस वर्ष कक्षा 10 का कुल पास प्रतिशत 96.78% रहा है।

सीबीएसई ने यह भी बताया कि कंपार्टमेंट श्रेणी के छात्रों का प्रदर्शन भी बेहतर हुआ है। इस बार कंपार्टमेंट का पास प्रतिशत 52.40% दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 48.68% से अधिक है। बोर्ड ने कहा है कि सत्यापन, पुनर्मूल्यांकन और अन्य पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं की जानकारी जल्द अलग से जारी की जाएगी।

कैसा रहा सेकेंड बोर्ड परीक्षा का प्रदर्शन?

  • पंजीकृत छात्र: 6,64,027
  • परीक्षा में शामिल हुए: 6,63,777
  • अंक सुधार (Improvement) के लिए शामिल: 5,13,955
  • बेहतर अंक हासिल करने वाले छात्र: 3,08,095 (59.95%)
  • कंपार्टमेंट श्रेणी के छात्र: 1,49,822
  • कंपार्टमेंट में सफल छात्र: 78,503 (52.40%)
  • मुख्य और सेकेंड परीक्षा मिलाकर कुल पास प्रतिशत: 96.78%

पहली बार हुई दो बोर्ड परीक्षाएं

CBSE ने वर्ष 2026 से कक्षा 10 के लिए पहली बार दो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था लागू की। मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित हुई थी, जबकि सेकेंड बोर्ड परीक्षा 15 से 21 मई 2026 के बीच कराई गई। यह परीक्षा वैकल्पिक थी और इसमें मुख्य रूप से वे छात्र शामिल हुए, जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते थे।

मार्कशीट में किस परीक्षा के अंक होंगे?

बोर्ड के अनुसार, यदि किसी छात्र ने दोनों परीक्षाएं दी हैं, तो जिस परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त हुए हैं, वही अंतिम मार्कशीट में दर्ज किए जाएंगे।

CBSE 10th Result: ऐसे मिलेगी मार्कशीट

  • रेग्यूलर छात्रों की प्रिंटेड मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट उनके संबंधित स्कूलों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
  • प्राइवेट अभ्यर्थियों को दस्तावेज उनके पंजीकृत पते पर भेजे जाएंगे।
  • दिल्ली क्षेत्र के प्राइवेट छात्र अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र से भी मार्कशीट और प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे।

Also Read: NEET UG 2026 का चौंकाने वाला रिजल्ट जारी, 720 में किसी को नहीं मिले पूरे अंक, फिर भी बढ़ी कटऑफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.