लखनऊ के जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग, 2 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार

Lucknow News: राजधानी के सबसे पॉश इलाके हजरतगंज स्थित जवाहर भवन में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक 4 मंजिला सरकारी इमारत में सुबह करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जो 2 किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा था। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय दफ्तरों के खुलने का समय था और अधिकांश कर्मचारी अपनी सीटों पर पहुंच चुके थे। आग लगते ही परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में इमारत को खाली कराया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने या फंसने की सूचना नहीं है।

दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर

जवाहर भवन की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ से उत्तर प्रदेश विधानसभा की दूरी महज 2 किलोमीटर है। वीवीआईपी इलाके में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, शुरुआती कोशिशों के बावजूद आग की तीव्रता कम नहीं हुई है, जिसे काबू में करने के लिए दमकलकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है।

आग बुझाने की जद्दोजहद जारी

आग की भयावहता को देखते हुए फायर फाइटर्स ने मोर्चा संभाल लिया है। दमकलकर्मी जान जोखिम में डालकर आग के बिल्कुल नजदीक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पानी की सटीक बौछार की जा सके। जो दमकलकर्मी इमारत की छत पर चढ़ने में कामयाब रहे, वे होज पाइप के सहारे सीधे चौथी मंजिल की खिड़कियों और प्रभावित हिस्से में पानी डाल रहे हैं। आग बुझाने के कार्य में प्रशासन की ओर से पूरी तत्परता दिखाई जा रही है ताकि नुकसान को कम से कम किया जा सके और आग को आसपास की अन्य इमारतों में फैलने से रोका जा सके।

Also Read: मुजफ्फरनगर में 5 मौतों पर BJP मंत्री की अजीब दलील, बोले- ‘जनसंख्या बढ़ रही है, सरकार की भी सीमाएं…’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.