इंग्लैंड सीरीज के बाद रोहित शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, रिटायरमेंट की अफवाहों पर कही बड़ी बात
Rohit Sharma: भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कप्तान रोहित शर्मा का एक इंटरव्यू जारी किया है। इस वीडियो में रोहित ने अपने संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। दरअसल, लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है।
हालांकि, मैच से पहले ही BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इन खबरों को खारिज कर दिया था। इसके बाद रोहित ने लॉर्ड्स में शानदार शतक लगाकर आलोचकों को बल्ले से जवाब दिया।
‘शोर रहेगा, तभी मजा आएगा’
इंटरव्यू में रोहित शर्मा ने कहा, “मेरा काम बल्लेबाजी करना, देश और टीम का प्रतिनिधित्व करना है। डेब्यू के समय से ही बाहर का शोर सुनता आया हूं और जब तक खेलूंगा, यह चलता रहेगा। इससे फर्क नहीं पड़ता। मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि मैं मैदान पर टीम की सफलता में कितना योगदान देता हूं। अगर शोर नहीं होगा, तो खेल का मजा भी नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है और बाकी लोगों का काम बाहर।”
विराट कोहली के साथ दोस्ती पर भी बोले
रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ अपने लंबे क्रिकेट सफर का भी जिक्र किया। दोनों अब 400 अंतरराष्ट्रीय मैच साथ खेलने वाली भारत की पहली जोड़ी बन चुके हैं। रोहित ने कहा कि दोनों ने पूरा करियर साथ खेला है और एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने बताया कि मैदान पर दोनों लगातार बातचीत करते हैं, रणनीति साझा करते हैं और साथ बल्लेबाजी करना हमेशा खास अनुभव होता है।
Also Read : IND vs ENG: फिटनेस टेस्ट में फेल हुआ टीम इंडिया का स्टार खिलाड़ी, मैच से ठीक पहले किया गया बाहर

