‘रामायण’ में लक्ष्मण बने रवि दुबे को देख भावुक हुईं सरगुन मेहता, लिखा दिल छू लेने वाला पोस्ट

Ramayana Trailer: निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर हाल ही में दिल्ली में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान चुनिंदा दर्शकों को दिखाया गया। ट्रेलर को शानदार प्रतिक्रिया मिली। इस मौके पर फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे अभिनेता रवि दुबे की पत्नी और अभिनेत्री सरगुन मेहता बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए बताया कि वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पा रही हैं।

‘मैं अपने आंसू नहीं रोक पा रही’

सरगुन मेहता ने पोस्ट में लिखा, “मेरा दिल आज इतना भरा हुआ है कि जब तक मेरा रोना बंद नहीं होगा, मैं कुछ लिख नहीं पाऊंगी। मैं 24 जुलाई का इंतजार नहीं कर पा रही, जब पूरी दुनिया यह ट्रेलर देखेगी।” उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का भी आभार जताते हुए लिखा कि उनके भरोसे की वजह से यह मुकाम मिला है। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय श्री राम’ लिखा।

इसके बाद सरगुन ने एक और भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “हर सांस के लिए भगवान का शुक्रिया। यह सब रवि के तप और मेहनत का फल है।”

स्टेज पर भावुक हुए थे रवि दुबे

दिल्ली में हुए कार्यक्रम के दौरान रवि दुबे भी भावुक हो गए थे। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण का किरदार निभाना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है और इसके लिए उन्होंने फिल्म के निर्माताओं का धन्यवाद किया।

फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। निर्माता नमित मल्होत्रा के अनुसार, दो भागों में बन रही इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। पहला भाग इस साल दिवाली और दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर रिलीज होगा।

Also Read: ‘रामायण’ का ट्रेलर ऑनलाइन लीक! कड़ी सुरक्षा के बावजूद वायरल हुईं क्लिप्स, रणबीर कपूर के राम अवतार ने बढ़ाई उत्सुकता 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.