कॉकरोच जनता पार्टी से बातचीत को सरकार तैयार, जेपी नड्डा से मिलेंगे CJP प्रतिनिधि

CJP Protest: NEET परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया। 28 जून से जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच पहली बार केंद्र सरकार की ओर से बातचीत की पहल हुई है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्हें सरकार की ओर से बातचीत के लिए बुलाया गया है और वे केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं।

सौरव दास ने कहा, “सरकार ने आज सुबह हमसे संपर्क किया। हमारी मांगें पूरी तरह स्पष्ट हैं। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में युवा मौजूद हैं और हमें भरोसा है कि हमारी लड़ाई सफल होगी।”

कैबिनेट स्तर पर बातचीत की थी मांग

सूत्रों के अनुसार, शुरुआती दौर में दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा सरकार की ओर से मध्यस्थता कर रहे थे। पहले आंदोलनकारियों को जिला मजिस्ट्रेट, फिर सचिव स्तर के अधिकारी और उसके बाद राज्य मंत्री से बातचीत का प्रस्ताव दिया गया था।

हालांकि, CJP ने इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया और कैबिनेट मंत्री या प्रधानमंत्री स्तर पर वार्ता की मांग की। इसके बाद जेपी नड्डा से मुलाकात तय होने की जानकारी सामने आई। हालांकि सरकार या भाजपा की ओर से अभी तक इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

‘चलो संसद’ मार्च के दौरान बढ़ा तनाव

इधर संसद के मानसून सत्र के पहले दिन हजारों छात्र और कार्यकर्ता ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस ने बल प्रयोग भी किया।

दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर सुरक्षा कड़ी कर दी। इस दौरान धक्का-मुक्की में कुछ छात्रों और पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आने की भी खबर है।

Also Read: 23 दिन बाद AISA के तीन छात्रों ने खत्म किया अनशन, अब सोनम वांगचुक के फैसले पर नजर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.