NEET आंदोलन में बड़ा बवाल, संसद भवन तक पहुंचे CJP प्रदर्शनकारी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
NEET Protest: नई दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन सोमवार को उस समय उग्र हो गया, जब संसद मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी संसद भवन के नजदीक तक पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए रेल भवन और कृषि भवन के गोलचक्कर के पास लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
स्थिति बिगड़ने पर संसद का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया और पूरे परिसर की सुरक्षा कई स्तरों पर बढ़ा दी गई। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार संसद मार्ग थाने से हालात की निगरानी करते रहे।
सरकार और CJP के बीच शुरू हुई बातचीत
आंदोलन के बीच सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरू होने की जानकारी सामने आई है। संगठन के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका सरकार के बुलावे पर केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष रह चुके जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे। वहीं CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
बताया गया कि उन्होंने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के संदेश के बाद यह फैसला लिया। हालांकि वांगचुक अब भी अनशन पर हैं। उन्होंने पहले संकेत दिए थे कि कुछ शर्तें पूरी होने पर ही वह अपना अनशन खत्म करेंगे।
संसद और जंतर-मंतर पर बढ़ी हलचल
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन दोनों सदन दोपहर 2:30 बजे तक स्थगित रहे। राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। उधर, समाजवादी पार्टी के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल डिंपल यादव के नेतृत्व में जंतर-मंतर पहुंचा। वहां अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो भी मौजूद रहीं। अब आंदोलनकारी सरकार और CJP प्रतिनिधियों की बातचीत के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं।
Also Read : दिल्ली में CJP का प्रदर्शन उग्र, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, अमित शाह से मिले धर्मेंद्र प्रधान

