सिद्धार्थनगर के डॉ. भानुप्रताप गुप्ता को नेपाल में मिला अंतरराष्ट्रीय ज्ञान गौरव सम्मान
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता के सुपुत्र डॉ. भानुप्रताप गुप्ता को उच्च शिक्षा, अध्यापन और शैक्षणिक अनुसंधान के क्षेत्र में उनके शानदार योगदान के लिए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ज्ञान गौरव सम्मान से नवाजा गया है। डॉ. भानुप्रताप वर्तमान में बीएनएन पीजी कॉलेज, पीपीगंज (गोरखपुर) के इतिहास विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में मिला सम्मान
यह सम्मान उन्हें पड़ोसी देश नेपाल के लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय के केंद्रीय परिसर में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान दिया गया। शिक्षा, साहित्य, समाज और संस्कृति का वैश्विक विमर्श: चुनौतियां, अवसर एवं संभावनाएं विषय पर केंद्रित इस वैश्विक मंच पर भारत, नेपाल समेत कई देशों के जाने-माने शिक्षाविदों, विद्वानों और शोधकर्ताओं ने शिरकत की थी। डॉ. गुप्ता को शिक्षा के प्रति उनके समर्पण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और बेहतरीन रिसर्च कार्यों के लिए इस मंच पर सम्मानित किया गया।
शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र के दिग्गजों ने दी बधाई
इतिहास के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले डॉ. भानुप्रताप गुप्ता की इस वैश्विक सफलता पर सिद्धार्थनगर के साथ-साथ गोरखपुर के शैक्षणिक और सामाजिक जगत में बेहद खुशी का माहौल है। क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और शिक्षाविदों ने इसे जिले के लिए एक गौरवशाली क्षण बताते हुए डॉ. गुप्ता को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं और शोधार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Prayagraj News: कौशाम्बी में 50 लाख के गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

