Prayagraj News: कौशाम्बी में 50 लाख के गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश में नशीले पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी कामयाबी मिली है। एएनटीएफ की प्रयागराज यूनिट ने कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र से दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करों के पास से गांजे के अलावा एक टोयोटा ग्लैन्जा कार, मोबाइल और नकदी बरामद हुई है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के आला अधिकारियों के निर्देश पर प्रयागराज यूनिट के प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र प्रधान की टीम ने सोमवार को कोखराज टोल प्लाजा से महज 500 मीटर की दूरी पर कानपुर लेन (ग्राम बरीपुर) के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध दिख रही टोयोटा ग्लैन्जा कार को रोककर जब तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम के होश उड़ गए। कार के अंदर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद आयान और राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो फतेहपुर जिले के हथगांव इलाके के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ कोखराज थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

फतेहपुर के मास्टरमाइंड के लिए करते थे काम

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे दोनों पार्टनरशिप में ड्रग सप्लाई का यह अवैध धंधा करते हैं। वे फतेहपुर के ही रहने वाले एक बड़े ड्रग सप्लायर (मास्टरमाइंड) के इशारे पर काम करते हैं। वे उसी के कहने पर उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर आते थे और तय ठिकानों पर डिलीवर करते थे। आज भी उड़ीसा से लाई गई गांजे की यह बड़ी खेप फतेहपुर में खपाने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही एएनटीएफ की सतर्क टीम ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस अब फतेहपुर के उस मुख्य आरोपी की तलाश में जुट गई है।

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, नई SIT बनाने के दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.