अजय राय ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, छात्रों पर लाठीचार्ज की जांच और शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग

Ajay Rai: दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने छात्र मार्च के दौरान कथित बल प्रयोग, बिना नाम-पट्ट वाले सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी और नीट परीक्षा से जुड़े विवादों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।

‘संवाद की जगह दमन लोकतंत्र के खिलाफ’

अजय राय ने कहा कि संविधान हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार देता है। उनके मुताबिक, जंतर-मंतर से संसद तक हुए छात्र मार्च के दौरान सामने आए घटनाक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं।

उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कुछ सुरक्षाकर्मी बिना नाम-पट्ट के दिखे, जबकि कुछ लोग सामान्य कपड़ों में लाठियों के साथ नजर आए। यदि यह सही है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

NEET विवाद और शिक्षा मंत्री पर सवाल

कांग्रेस नेता ने कहा कि नीट पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली पर उठ रहे सवाल और री-नीट से जुड़े मामलों ने लाखों छात्रों का भरोसा तोड़ा है। उनका आरोप है कि छात्रों की मांग सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की कि इन मामलों की पारदर्शी जांच कराई जाए और जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए।

खाद संकट और स्मार्ट मीटर पर भी आंदोलन

अजय राय ने प्रदेश के सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को 22 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान की मांग उठाई। कांग्रेस ने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Also Read: NEET विवाद पर छात्रों के समर्थन में उतरीं प्रीति जिंटा, सोनम वांगचुक से की यह अपील 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.