हिरासत के दौरान राहुल गांधी की नाक से बहता दिखा खून, पुलिस पर चोट पहुंचाने का आरोप
Rahul Gandhi: दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरना दे रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मंगलवार शाम पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान राहुल गांधी की नाक से खून बहता दिखाई दिया। कांग्रेस का आरोप है कि हिरासत में लेने के दौरान उन्हें चोट लगी, जबकि उनके सीने पर भी चोट आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को भी हिरासत में लिया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान सड़क पर बैठ गए राहुल
हिरासत में लिए जाने के समय राहुल गांधी सड़क पर बैठ गए और पुलिस के साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद कई पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर बस तक ले गए। इसी दौरान उनकी नाक से खून निकलता नजर आया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ बल प्रयोग किया। वहीं, प्रियंका गांधी ने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
PM आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान “प्रधानमंत्री इस्तीफा दो”, “छात्रों को न्याय दो” और “गुंडागर्दी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए गए। कई नेताओं ने हाथों में हथकड़ियां पहनकर सांकेतिक विरोध भी जताया।
जितेंद्र सिंह ने की थी बातचीत
धरना समाप्त कराने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी से प्रदर्शन खत्म करने की अपील की। हालांकि राहुल गांधी ने छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग दोहराई। इससे पहले राहुल और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात भी की थी।
Also Read : बिना एड्रेस प्रूफ मिलेगा 5KG LPG सिलेंडर, लौटाने पर 500 मिलेंगे वापस

