संसद में राहुल गांधी और सांसदों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में काले कपड़े पहनकर पहुंचे सांसद
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों और विपक्षी नेताओं पर हुई कथित पुलिस बर्बरता के खिलाफ बुधवार को देश की संसद में जोरदार विरोध देखने को मिला। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के सांसद संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर पहुंचे और अपना विरोध दर्ज कराया। विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार देश के युवाओं के भविष्य, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
राहुल गांधी और सांसदों के साथ पुलिस की सख्ती बर्दाश्त नहीं
कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने बताया कि मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कथित बदसलूकी और सख्ती के जवाब में काले कपड़े पहनने का फैसला लिया गया। वहीं, आरजेडी सांसद संजय यादव ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में बार-बार हो रहे पेपर लीक और 50 सालों के उच्चतम स्तर पर पहुंची बेरोजगारी से युवा बेहाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र और युवा पारदर्शिता की मांग करते हैं, तो सरकार संवाद करने के बजाय उन पर लाठियां और पुलिसिया दबाव बनाती है।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी ने समाजवादी पार्टी के माननीय सांसदों एवं विपक्ष के सांसदों के साथ छात्रों के विरुद्ध हो रहे उत्पीड़न के ख़िलाफ़ संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों के हित में ये न्याय संघर्ष जारी रहेगा ! pic.twitter.com/nATrzdgW8s
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 22, 2026
हिरासत से छूटने के बाद प्रियंका गांधी का तीखा हमला
इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने राजाजी मार्ग से लोक कल्याण मार्ग तक मार्च निकाला था, जिसमें कथित परीक्षा पेपर लीक में जवाबदेही तय करने, पुलिस कार्रवाई की जांच कराने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई थी। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई दिग्गज नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम और मंदिर मार्ग थाने भेजा था, जहां सोनिया गांधी भी पहुंची थीं। हिरासत से छूटने के बाद प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, वे डरे हुए हैं और कायर हैं। हम उनसे बिल्कुल नहीं डरते, बल्कि वे हमसे डरते हैं।
Also Read: बृजभूषण शरण सिंह ने आंदोलन कर रहे छात्रों से की राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रहने की अपील

