PM मोदी से शरद पवार-सुप्रिया सुले की मुलाकात, NDA में शामिल होने की अटकलें तेज

Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार और उनकी बेटी व सांसद सुप्रिया सुले ने मंगलवार (22 जुलाई) को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। संसद में प्रधानमंत्री के कक्ष में हुई इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सामने आई तस्वीरों में पीएम मोदी ने शरद पवार का गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत होती दिखाई दी। इसके बाद यह सवाल फिर उठने लगा कि क्या शरद पवार का गुट NDA के करीब जा रहा है।

एक दिन पहले छात्रों के आंदोलन का किया था समर्थन

इस मुलाकात से एक दिन पहले शरद पवार और सुप्रिया सुले जंतर-मंतर पहुंचे थे। वहां उन्होंने NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और CJP के आंदोलन का समर्थन किया। शरद पवार ने सरकार से अपील की थी कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार किया जाए। उनकी पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया है।

NDA में शामिल होने की अटकलों पर क्या बोलीं सुप्रिया सुले

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, NCP (शरदचंद्र पवार) मॉनसून सत्र में केंद्र सरकार के अहम और विवादित परिसीमन बिल का समर्थन कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो लोकसभा में सरकार को दो-तिहाई बहुमत जुटाने में मदद मिल सकती है। हाल के दिनों में पार्टी नेता जयंत पाटिल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मुलाकातों के बाद भी गठबंधन की चर्चाएं तेज हुई थीं।

हालांकि, सुप्रिया सुले पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि पार्टी को बीजेपी या किसी अन्य दल की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है और नेताओं की हालिया मुलाकातें केवल प्रशासनिक कार्यों से जुड़ी थीं, किसी राजनीतिक पुनर्गठन से नहीं।

Also Read: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा सीजेपी का आंदोलन, प्रवक्ता आशुतोष रांका बोले- जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.