जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमला, हेड कांस्टेबल शहीद, आतंकियों की तलाश जारी
Jammu Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने पुलिस की गश्ती टीम पर हमला कर दिया। यह घटना करीब 12:30 बजे शहर के व्यस्त लाल चौक इलाके में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक वाहन में सवार आतंकी मौके पर पहुंचे और गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अनंतनाग के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस, सेना और CRPF का संयुक्त सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सीआरपीएफ और सेना की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षाबलों ने लाल चौक और आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों के भागने के सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया गया है और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और घाटी में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
एक दिन पहले किश्तवाड़ में हुई थी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किश्तवाड़ जिले में विदेशी आतंकियों को रसद सहायता पहुंचाने के मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद रफीक नाइक को गिरफ्तार किया था। सिंहपुर के द्वाथेर गांव निवासी रफीक नाइक को चटरू क्षेत्र से पकड़ा गया।
किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेश सिंह के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। अब तक इस मामले में तीन कथित आतंक समर्थकों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
Also Read: चीनी डिफेंस अटैची ने 12 नागरिकों की जान बचाने के लिए भारतीय सेना का जताया आभार

