निवेशकों के लिए बड़ी खबर, अगस्त में आएंगे 12 से ज्यादा IPO, 25,000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य
IPO News : अगस्त का महीना प्राथमिक बाजार (IPO) के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। अगले महीने जेप्टो, ट्रूहॉम फाइनेंस, शिपरॉकेट समेत एक दर्जन से अधिक कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च करने की तैयारी में हैं। अनुमान है कि इन सभी कंपनियों के जरिए बाजार से 25,000 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाई जाएगी।
मर्चेंट बैंकरों के मुताबिक, अधिकांश आईपीओ में नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही मौजूदा निवेशकों और शेयरधारकों की ओर से ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत भी हिस्सेदारी बेची जाएगी। इक्विरस कैपिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर और निवेश बैंकिंग प्रमुख भावेश शाह का कहना है कि बाजार में स्थिरता और निवेशकों के सकारात्मक रुख के चलते वे कंपनियां भी अब आईपीओ लाने के लिए आगे बढ़ रही हैं, जिन्होंने पहले अपनी योजनाएं टाल दी थीं।
![]()
जेप्टो, ट्रूहॉम और शिपरॉकेट के आईपीओ पर रहेगी नजर
अगस्त में आने वाले आईपीओ में सबसे बड़ा नाम क्विक कॉमर्स कंपनी जेप्टो का है। कंपनी नए शेयर जारी कर 8,010 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसके अलावा 11.34 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए भी की जाएगी।
होम फाइनेंस कंपनी ट्रूहॉम फाइनेंस 3,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाएगी, जिसमें 1,500 करोड़ रुपये के नए शेयर और 1,500 करोड़ रुपये का OFS शामिल रहेगा। वहीं, एलिवेट कैंपसेज पूरी तरह नए शेयर जारी करते हुए 2,550 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है।
इन कंपनियों की भी बाजार में होगी एंट्री
लॉजिस्टिक्स प्लेटफॉर्म शिपरॉकेट ने 2,342.35 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए हैं। इसमें 1,100 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 1,242.35 करोड़ रुपये के शेयर OFS के जरिए बेचे जाएंगे।
इसके अलावा इनोवेटिवव्यू इंडिया 2,000 करोड़ रुपये तक और मिल्की मिस्ट डेयरी फूड 1,553 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी कर रही हैं। वहीं, धूत ट्रांसमिशन, एआरसीआईएल (एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी ऑफ इंडिया), अर्डी इंडस्ट्रीज, गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट, रेज ऑफ बिलीफ, हाई-टेक इंजीनियर्स, शंकेश ज्वेलर्स और लर्नफ्लूएंस एजुकेशन भी अगस्त के दौरान पूंजी बाजार में उतरने की योजना बना रही हैं।

