गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी अनियंत्रित डबल डेकर बस, 2 की मौत

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बहराइच से पंजाब जा रही एक यात्रियों से भरी डबल-डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

यह दर्दनाक दुर्घटना संभल के बहजोई थाना क्षेत्र अंतर्गत लहरावन इंटरचेंज के पास घटी। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान 17 वर्षीय नेहा और 36 वर्षीय चिंटू के रूप में हुई है। घायलों को तुरंत बहजोई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

घटना की शुरुआती जांच के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना की वजह चालक को नींद की झपकी आना लग रहा है। चालक के नियंत्रण खोने के चलते ही बस डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में जीवित बचे लखीमपुर खीरी निवासी यात्री राम लखन ने घटना का आंखों देखा हाल सुनाते हुए बताया, हादसे वाले स्थान से करीब 50 मीटर पहले ही बस अनियंत्रित होकर अपनी लेन से बाहर चली गई थी। अंदर सवार यात्री डर के मारे चिल्लाने लगे, लेकिन ड्राइवर सो चुका था। इसके तुरंत बाद तेज आवाज के साथ बस सीधे डिवाइडर से टकराकर पलट गई। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Also Read: निवेशकों के लिए बड़ी खबर, अगस्त में आएंगे 12 से ज्यादा IPO, 25,000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.