E20 नीति पर अजय राय का बड़ा हमला, गडकरी और पुरी को हटाने की PM मोदी से मांग
Ajay Rai Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने एथेनॉल मिश्रित ईंधन यानी E20 नीति को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पद से हटाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने इस पूरी नीति की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन नीति वैज्ञानिक, आर्थिक और उपभोक्ता हितों के आधार पर सफल नहीं रही है। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। कांग्रेस नेता का कहना है कि सरकार ने दावा किया था कि E20 से कच्चे तेल के आयात में कमी आएगी, किसानों को फायदा मिलेगा और लोगों को सस्ता ईंधन मिलेगा, लेकिन उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ नहीं मिला।
वाहन नुकसान और जवाबदेही पर उठाए सवाल
अजय राय ने कहा कि सरकार अब E20 के बाद E85 और E100 जैसी नीतियों की ओर बढ़ रही है, जबकि करोड़ों वाहन मालिकों की चिंताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहन में खराबी, माइलेज में कमी या इंजन को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
उन्होंने कहा कि पहले पेट्रोल में मिलावट मिलने पर पेट्रोल पंप जिम्मेदार होते थे, लेकिन अब मिश्रण तेल कंपनियां कर रही हैं। ऐसे में बीमा दावों और वाहन वारंटी से जुड़े विवाद बढ़ सकते हैं।
मंत्रियों की बर्खास्तगी और जांच की मांग
अजय राय ने कहा कि यह मामला अब सिर्फ नीति तक सीमित नहीं है, बल्कि मंत्रीस्तरीय जवाबदेही का विषय बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री से नितिन गडकरी और हरदीप सिंह पुरी को हटाकर एथेनॉल नीति, संभावित हितों के टकराव और फैसले लेने की प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
वहीं, छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में विपक्षी दलों ने संसद परिसर में प्रदर्शन भी किया। विपक्ष ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कार्रवाई रोकने की मांग की।
Also Read: SGPGI वैज्ञानिकों की बड़ी कामयाबी, लैब में तैयार की मानव हृदय वाल्व कोशिकाएं

