‘जिन्न ने दिया था कत्ल का हुक्म’, बरेली में दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या के बाद आरोपी का दावा
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में 65 वर्षीय कारोबारी सियाराम श्रीवास्तव की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। गिरफ्तार 19 वर्षीय आरोपी मोहम्मद अरमान ने दावा किया कि उसके कान में एक “जिन्न” की आवाज आती थी, जिसने उसे हत्या करने का आदेश दिया। आरोपी ने पुलिस और मीडिया से कहा कि वह डर के कारण उस आवाज का कहा मान बैठा।
पहले कार से कुचलने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन सियाराम श्रीवास्तव सुबह पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनकी पत्नी बीच रास्ते से घर लौट आईं, जबकि वह आगे चले गए। इसी दौरान आरोपी ने पहले कार से उन्हें कुचलने की कोशिश की। घायल होने के बाद उसने कांच के टुकड़ों से उनके सीने और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में परिवार ने पड़ोसियों पर शक जताया, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। बाद में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
मानसिक बीमारी और नशे की भी जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसका लंबे समय से इलाज चल रहा था। वह सूखा नशा करने का भी आदी था और कुछ समय से नशा नहीं मिलने के कारण असामान्य व्यवहार कर रहा था। पूछताछ में आरोपी ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले उसे एक इंजेक्शन लगाया गया था, जिसके बाद कोई “साया” उसे परेशान करने लगा। उसने पुलिस से कहा कि चाहे पंडित या मौलाना से पूछ लें, उसने “जिन्न” के कहने पर ही हत्या की है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पिता ने उसे बचाने के लिए कथित तौर पर सबूत नष्ट करने की कोशिश की। पुलिस ने इस आरोप में आरोपी के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिस कार का इस्तेमाल घटना में हुआ, वह आरोपी के पिता के नाम पर पंजीकृत है।

