Bareilly News: फरीदपुर पुलिस ने स्मैक के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की फरीदपुर थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 142 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

थाना फरीदपुर पुलिस टीम (एसआई तरुण कुमार, एसआई जसवीर सिंह व अन्य पुलिसकर्मी) 27 अक्टूबर 2026 की रात शांति व्यवस्था और गश्त के दौरान क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कंजर गौटिया जाने वाले नहर के रास्ते पर दबिश दी और रात करीब 11:15 बजे दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई।

पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान मोहम्मद कैफ (पुत्र गुलाम नासिर) और बॉबी उर्फ अजहरुद्दीन (पुत्र हसीनुद्दीन) के रूप में हुई है, जो दोनों मोहल्ला मिर्धान, कस्बा व थाना फरीदपुर के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे आर्थिक तंगी के चलते घर का खर्च चलाने के लिए ग्राम गौसगंज के एक अज्ञात व्यक्ति से यह स्मैक खरीदते थे और उसे आगे हाईवे के ट्रक ड्राइवरों को बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस टीम अब इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: सुरक्षित बचपन अभियान 2026 के तहत छात्राओं को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.