राहुल गांधी पर विवादित बयान देकर फंसे BJP विधायक, कांग्रेस ने दर्ज कराई FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित और भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में कर्नाटक के उडुपी से बीजेपी विधायक यशपाल सुवर्णा कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और एमएलसी मंजूनाथ भंडारी ने विधायक के बयान को बेहद आपत्तिजनक और नफरत फैलाने वाला करार देते हुए उनके खिलाफ पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।
नीट विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा विवाद नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर नीट (NEET) पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ। 21 जुलाई को राहुल गांधी बिना अनुमति छात्रों के समर्थन में पीएम आवास के समक्ष प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया था।
इसी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बीजेपी विधायक सुवर्णा ने आपा खो दिया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 24 घंटे नशे में रहते हैं और उन्हें अपने किए का अंदाजा नहीं होता। इतना ही नहीं, विधायक ने विवादित सीमा लांघते हुए यहां तक कह दिया कि जिस प्रकार कारसेवकों ने बाबरी मस्जिद का ढांचा ढहाया था, ठीक उसी तरह राहुल गांधी के घर में घुसकर उनके पूरे वंश को समाप्त कर दिया जाएगा।
कांग्रेस ने कहा- वीडियो सबूत मौजूद, तुरंत हो जेल
कांग्रेस नेता मंजूनाथ भंडारी ने अपनी शिकायत में कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की हिंसक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि इस भड़काऊ भाषण का वीडियो रिकॉर्डिंग सबूत के तौर पर मौजूद है। कांग्रेस ने जांच एजेंसियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक सुवर्णा के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
Also Read: जापान में आए भूकंप पर इटली की पीएम मेलोनी ने जताया दुख, सुनामी की चेतावनी जारी

