जापान में आए भूकंप पर इटली की पीएम मेलोनी ने जताया दुख, सुनामी की चेतावनी जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण-पश्चिमी जापान का कुमामोटो प्रांत मंगलवार को 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से दहल उठा। इस प्राकृतिक आपदा में व्यापक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस भीषण त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने इस कठिन घड़ी में जापान के साथ इटली की अटूट एकजुटता और पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया।

मित्र साने तकाइची और जापान के साथ खड़ा है इटली: मेलोनी

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, जापान के नागरिकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कुमामोटो प्रांत में आए भीषण भूकंप से प्रभावित हुए सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं। राहत और बचाव कार्य में दिन-रात जुटे सभी जांबाज कर्मियों का कार्य बेहद सराहनीय है। मेलोनी ने आगे कहा कि उनकी मित्र और जापानी प्रधानमंत्री साने तकाइची तथा पूरे जापान देश के लिए इटली सरकार का पूरा सहयोग और समर्थन रहेगा।

शॉपिंग मॉल की छत गिरी, मालगाड़ी पटरी से उतरी

स्थानीय मीडिया व जापान की फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के अनुसार, भूकंप के तेज झटकों से कुमामोटो स्थित एयॉन मॉल की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। शाम करीब 6 बजे आपातकालीन कॉल करने वालों ने बताया कि मॉल के पास विस्फोट जैसी तेज आवाज सुनाई दी और सफेद धुआं उठता देखा गया। इसके अलावा, यात्सुशिरो स्टेशन के पास एक मालगाड़ी पटरी से उतरकर पलट गई, हालांकि गनीमत रही कि ट्रेन चालक बाल-बाल बच गया।

1 मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी, परमाणु संयंत्र सुरक्षित

क्योडो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 4:27 बजे आया, जिसका केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर गहराई में था। जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी ने कुमामोटो में भूकंप की तीव्रता अपने पैमाने पर अधिकतम 7 दर्ज की है। खतरे को देखते हुए एरिएक सागर और यात्सुशिरो सागर के तटीय इलाकों में 1 मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। राहत की बात यह है कि कागोशिमा के ‘सेंडाई’ और सागा प्रांत के ‘जेनकाई’ परमाणु ऊर्जा संयंत्रों से किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नुकसान की खबर नहीं है।

राहत और बचाव कार्य तेज, 50 से अधिक लोग अस्पताल भर्ती

आपदा के बाद से ही दमकलकर्मी और राहत दल मौके पर स्थिति का जायजा लेने और मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। अब तक करीब 50 से अधिक घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई इलाकों में लोगों के अपने ही घरों में फंसे होने की सूचनाएं मिल रही हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

Also Read: प्रयागराज जलकल विभाग की करतूत, पड़ोसी महिला से मांग रहे माफिया अतीक के नाम का बकाया बिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.