यूपी के अमन कुशवाहा थाईलैंड में दिखाएंगे दम, हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए होंगे रवाना

Taekwondo Championship: उत्तर प्रदेश के ताइक्वांडो खिलाड़ी अमन कुशवाहा थाईलैंड के पटाया में आयोजित होने वाली 9वीं हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होगी, जिसमें 35 से अधिक देशों के खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।

प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले लखनऊ में आयोजित विदाई समारोह में उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो मास्टर/एग्जामिनर (कुक्कीवान) डॉ. सैयद रफत ने अमन का माल्यार्पण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

तीन स्पर्धाओं में दिखाएंगे अपना दम

आयोजकों के अनुसार अमन कुशवाहा इंडियन ताइक्वांडो मास्टर्स यूनियन के बैनर तले प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वह पूमसे, क्योरगी और स्पीड किकिंग जैसी तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के मजबूत खिलाड़ियों से उनका मुकाबला होगा। ऐसे में भारतीय दल को अमन से बेहतर प्रदर्शन और पदक की उम्मीद है।

विदाई समारोह में मौजूद रहे खेल जगत के कई दिग्गज

अमन को विदाई देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो मास्टर (कुक्कीवान) मोहम्मद नदीम समेत ताइक्वांडो से जुड़े कई वरिष्ठ खिलाड़ी और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अमन को प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल प्रेमियों को भी उम्मीद है कि अमन अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और उत्तर प्रदेश के लिए पदक जीतकर लौटेंगे।

Also Read: UP में AI से होगी ग्रामीण जलापूर्ति की निगरानी, IIT कानपुर-IIM इंदौर बने सरकार के नॉलेज पार्टनर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.