शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से दिया इस्तीफा, पीएम मोदी को बताया आजीवन प्रेरणा
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अचानक पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर बायो बदलकर इस फैसले का संकेत दिया। नए बायो में उन्होंने भाजपा के नाम का उल्लेख हटा दिया है। उन्होंने अपने नए बायो का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा- “धर्म इस्लाम, संस्कृति-हिंदू, विचारधारा-भारतीय। लेखक: जीएसटी की यात्रा। पीएम मोदी के आजीवन अनुयायी।” अपने इस संदेश से उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे पार्टी के सदस्य नहीं रहे, किंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उनका व्यक्तिगत समर्थन कायम रहेगा।
कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे शहजाद
शहजाद पूनावाला मूल रूप से कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे। साल 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया को लेकर हुए आंतरिक विवाद के बाद उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया था। इसके कुछ समय बाद वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए, जहाँ उनकी मुखरता और तर्कों को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी।
My updated bio : pic.twitter.com/qGG5s9WMOG
— Shehzad Jai Hind (@Shehzad_Ind) July 30, 2026
प्रवक्ता के तौर पर टीवी डिबेट्स में रहे चर्चित चेहरा
भाजपा में रहते हुए शहजाद पूनावाला ने टीवी डिबेट्स, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया मंचों पर पार्टी व केंद्र सरकार का पक्ष बेहद आक्रामक तरीके से रखा। वे पीएम मोदी की नीतियों के बड़े पैरोकार माने जाते थे और अक्सर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों व राहुल गांधी पर तीखे जुबानी हमले बोलते दिखाई देते थे।
शहजाद पूनावाला द्वारा अचानक उठाए गए इस कदम के पीछे की मुख्य वजह अभी तक पूरी तरह से सामने नहीं आई है। हालांकि, उनके बायो बदलने के बाद राजनीतिक विश्लेषकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक इस अचानक हुए घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Also Read: भरत तिवारी का एनकाउंटर करने वाला STF अधिकारी गिरफ्तार, माँ ने लगाया था हत्या का आरोप

