लखनऊ ट्रिपल मर्डर मामले में ACS होम और DGP ने दिया न्याय का भरोसा, बुलडोजर के बाद ETS मशीन से नजूल जमीन की पैमाइश शुरू
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चर्चित सआदतगंज हत्याकांड के बाद शासन-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर मुख्य सचिव गृह (ACS Home) संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण खुद पीड़ित परिजनों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें बिना किसी दबाव के निष्पक्ष न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिया।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और सुरक्षा का आश्वासन
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस जघन्य हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराने की सिफारिश की जाएगी, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जा सके। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भी पूरा आश्वासन दिया गया है। दूसरी ओर, वारदात की वजह बनी विवादित जमीन पर प्रशासनिक कार्रवाई तेज कर दी गई है। आरोपी के ठिकाने पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की तकनीकी टीम ETS (इलेक्ट्रॉनिक टोटल स्टेशन) मशीन के साथ मौके पर पहुंची और नजूल भूमि का सर्वे शुरू किया।

ETS तकनीक से नजूल भूमि का सटीक मापन
प्रशासनिक सर्वे का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि विवादित भूमि का कितना हिस्सा नजूल या सरकारी जमीन के दायरे में आता है। आधुनिक ETS तकनीक से जमीन की सीमाओं, क्षेत्रफल और कोणों का सटीक ब्योरा जुटाया जा रहा है। मौके पर एलडीए अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। अधिकारियों का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट और कागजातों की जांच के बाद ही जमीन से जुड़ी आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी।
Also Read: पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आरके सिन्हा का निधन, नोएडा स्थित आवास पर ली अंतिम सांस

