श्रीलंका क्रिकेट को कोच से पंगा पड़ा भारी, 1.64 लाख डॉलर देकर खत्म किया कानूनी विवाद
Sports News: श्रीलंका क्रिकेट (SLC) और पूर्व हेड कोच चंडिका हथुरुसिंघे के बीच लंबे समय से चला आ रहा कानूनी विवाद आखिरकार खत्म हो गया है।
कॉन्ट्रैक्ट समय से पहले खत्म करने के मामले में SLC ने समझौते के तहत हथुरुसिंघे को 1.64 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 1.56 करोड़ रुपये) का भुगतान किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भुगतान के बाद हथुरुसिंघे ने स्विट्जरलैंड स्थित कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) में चल रही कानूनी कार्रवाई वापस लेने पर सहमति जताई।
50 लाख डॉलर तक मांगा था हर्जाना
हथुरुसिंघे ने कॉन्ट्रैक्ट खत्म किए जाने के बाद SLC के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू की थी। उन्होंने शुरुआत में करीब 50 लाख डॉलर के हर्जाने की मांग की थी।

बाद में मामला आगे बढ़ने पर उनकी मांग करीब 4.50 लाख डॉलर तक पहुंची। आखिरकार दोनों पक्षों ने कोर्ट के बाहर समझौता कर विवाद खत्म किया।
2017 में बने थे श्रीलंका के कोच
हथुरुसिंघे को दिसंबर 2017 में श्रीलंका का हेड कोच बनाया गया था। उनके कार्यकाल में टीम ने तीनों फॉर्मेट में कुल 67 मैच खेले, जिसमें 24 जीते और 38 गंवाए।
खराब प्रदर्शन के साथ टीम मैनेजमेंट से जुड़े विवादों ने भी उनके कार्यकाल को प्रभावित किया।
बाद में एक सदस्यीय जांच में हथुरुसिंघे को छह आरोपों में दोषी पाया गया। इसके बाद SLC से उनका विवाद बढ़ता गया और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का मामला कानूनी लड़ाई में बदल गया।
लंबे विवाद के बाद समझौते से अब इस मामले का पटाक्षेप हो गया है।

