झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के बीच JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार, CID का बड़ा एक्शन

Jharkhand students protest: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। इसी बीच सीआईडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह सीआईडी की 20वीं गिरफ्तारी है। इससे पहले जांच एजेंसी 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें डिप्टी परीक्षा नियंत्रक भी शामिल हैं।

कई बार पूछताछ के बाद गिरफ्तारी

एल. ख्यांग्ते ने 22 जुलाई को JPSC चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 28 जुलाई से उनसे कई बार पूछताछ की जा चुकी थी। इससे एक दिन पहले JPSC के तीनों सदस्यों अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद ने भी इस्तीफा दिया था। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने तीनों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए।

सीआईडी ने तीनों सदस्यों को कथित पेपर लीक और दूसरी अनियमितताओं के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था। प्रदर्शनकारी छात्र पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।

ED ने भी शुरू की जांच

JSSC-CGL समेत झारखंड की दूसरी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर अब ED ने भी जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने CID की FIR और अन्य शिकायतों का संज्ञान लेते हुए PMLA के तहत आर्थिक अपराध की जांच शुरू की है।

उधर, सोमवार को हजारों अभ्यर्थियों ने विधानसभा घेराव के लिए मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने कई बैरिकेड पार किए, जिसके बाद पुलिस ने पानी की बौछार और लाठीचार्ज किया। नौ दिन से भूख हड़ताल पर बैठे JLKМ नेता देवेंद्रनाथ महतो एंबुलेंस से मार्च में पहुंचे। हाथ में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर लिए महतो ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की। बताया गया कि अनशन के दौरान उनका वजन 10.5 किलो कम हुआ है। प्रदर्शनकारी JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने या CBI जांच की मांग कर रहे हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.