15 अगस्त पर पहली बार लाल किले से गूंजेगा ‘वंदे मातरम’, बदलेगा समारोह का क्रम
Independence Day 2026: देश इस बार 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार एक खास बदलाव देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराने और देश को संबोधित करने से पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति होगी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, लाल किले की प्राचीर से समारोह के दौरान पहली बार ‘वंदे मातरम’ बजाया जाएगा।
इस साल समारोह ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने के मौके से भी जुड़ा है। कार्यक्रम की थीम ‘युवा शक्ति- विकसित भारत की यात्रा का नेतृत्व’ रखी गई है। इसमें देश के विकास में युवाओं की भूमिका को प्रमुखता दी जाएगी।
पहले राष्ट्रगीत, फिर तिरंगा फहराएंगे पीएम
रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह का क्रम बदला गया है। प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने के बाद सबसे पहले ‘वंदे मातरम’ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और फिर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री देश के नाम अपना संबोधन देंगे।
बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की रचना ‘वंदे मातरम’ स्वतंत्रता आंदोलन का अहम प्रतीक रही है। इसे पहली बार 1882 में उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ में प्रकाशित किया गया था। बाद में इसकी शुरुआती पंक्तियों को राष्ट्रगीत के रूप में अपनाया गया।
सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम
समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बड़ा तिरंगा प्रदर्शित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रहे युवाओं को सम्मानित भी कर सकते हैं।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए लाल किले और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। समारोह में 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। 1,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के साथ फेस रिकग्निशन और ड्रोन डिटेक्शन सिस्टम से भी निगरानी की जाएगी।

