सूटकेस में पत्नी की लाश छोड़ भागा था पति, दो महीने बाद वाराणसी से हुआ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Desk: सिलवासा के टोकरी खड़ा इलाके में करीब दो महीने पहले सूटकेस में महिला का शव मिलने के मामले में यूपी एसटीएफ और सिलवासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में हत्याकांड के वांछित आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को वाराणसी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से बिहार के नवादा जिले का रहने वाला है। उसके खिलाफ सिलवासा थाने में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त 2026 को टोकरी खड़ा में एक किराये के मकान से करीब दो महीने पुराना शव सूटकेस में बरामद हुआ था। मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई। इस मामले में उसके पति ऋषभ कुमार सिंह के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया था।
हत्या के बाद सूटकेस में शव छिपाया
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने गांव की लड़की छोटी उपाध्याय से परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। मृतका के परिजनों ने नवादा के रोह थाने में उसके खिलाफ अपहरण से जुड़ा मुकदमा भी दर्ज कराया था।
मिली जानकारी के अनुसार, ऋषभ के परिवार वाले छोटी को बहू के रूप में स्वीकार नहीं करना चाहते थे। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी दौरान 9 जून 2026 की शाम ऋषभ ने किराये के कमरे में पत्नी की हत्या कर दी। शव को प्लास्टिक में लपेटकर सूटकेस में बंद किया और कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया।
वाराणसी में छिपकर कर रहा था मजदूरी
घटना के बाद ऋषभ सिलवासा से फरार होकर वाराणसी आ गया था। यहां वह मंडुआडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित शुभकामना रियलटेक के पास मजदूरी कर रहा था। एसटीएफ वाराणसी और सिलवासा पुलिस ने सूचना के आधार पर 10 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को वाराणसी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई सिलवासा पुलिस कर रही है।
Also Read: 15 अगस्त पर पहली बार लाल किले से गूंजेगा ‘वंदे मातरम’, बदलेगा समारोह का क्रम

