लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर खामियां जारी, अब एक्सपेंशन ज्वाइंट में खतरनाक क्रैक, 48 घंटे में पैचवर्क भी फेल

Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर निर्माण और रखरखाव की खामियां लगातार सामने आ रही हैं। अब मामला सिर्फ गड्ढों और उखड़ी सड़क तक सीमित नहीं है। एक्सप्रेसवे के किमी 30 के पास एक्सपेंशन ज्वाइंट में लंबी दरार दिखाई दी है। इसी के आसपास डिवाइडर और क्रैश बैरियर की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

रविवार की बारिश के बाद सोमवार को एक्सप्रेसवे की बदहाल तस्वीर और साफ नजर आई। जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन पर कई जगह पानी जमा रहा।

किमी 30 पर एक्सपेंशन ज्वाइंट में दरार

किमी 30 के आसपास एक्सपेंशन ज्वाइंट में आई दरार को विशेषज्ञों ने गंभीर माना है। उनका कहना है कि समय पर मरम्मत नहीं हुई तो सड़क की क्षति बढ़ सकती है। इसी क्षेत्र में डिवाइडर में भी दरार दिखाई दी है, जबकि किमी 30.1 पर RCC डिवाइडर बीच से दरका मिला। इसका असर सड़क की सतह पर भी दिखाई दिया।

डिवाइडर और क्रैश बैरियर के आसपास अतिरिक्त दबाव या वाहन की टक्कर होने पर सुरक्षा जोखिम बढ़ सकता है। ऐसे में सड़क की ऊपरी परत के साथ उसकी संरचना और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच जरूरी हो गई है।

48 घंटे में फिर उखड़ गई मरम्मत

Lucknow Kanpur Expressway पर पहले से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी सवालों के घेरे में है। किमी 63.8 और 63.9 के पास सड़क पर फिर दरार और गड्ढा दिखाई दिया। खास बात यह है कि यहां शनिवार को ही मरम्मत कराई गई थी, लेकिन करीब 48 घंटे बाद ही डामर की परत दोबारा उखड़ती नजर आई।

इससे मरम्मत की गुणवत्ता के साथ सड़क के नीचे की संरचना और जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ड्रेनेज फेल, ड्रिल मशीन से बनाए जा रहे छेद

बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से Lucknow Kanpur Expressway के आसपास पानी जमा हो रहा है, जिसका असर सड़क की मजबूती पर पड़ रहा है। अब किमी 57.5 के पास ड्रेनेज सुधारने के लिए सड़क किनारे ड्रिल मशीन से छेद किए जा रहे हैं, ताकि पानी की निकासी का रास्ता बनाया जा सके।

लगातार सामने आ रही इन खामियों के बीच एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता, ड्रेनेज और मरम्मत कार्यों की प्रभावी जांच की जरूरत बढ़ गई है।

Also Read: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी का BJP कनेक्शन, खामियों के बाद भी इसलिए मिल रहे नए ठेके!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.