JPSC Protest: देवेंद्र नाथ महतो की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती, लाठीचार्ज में घायल होने का दावा
JPSC-JSSC Protest: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो (Devendra Nath Mahto) की तबीयत बिगड़ गई। पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे महतो को रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनका ब्लड शुगर काफी गिर गया है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
महतो सोमवार को विधानसभा घेराव के लिए निकले छात्रों के मार्च में शामिल थे। बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सदर अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर नैन्सी प्रिया के मुताबिक उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
सहयोगी का दावा- लाठीचार्ज में हुए घायल

Devendra Nath Mahto के सहयोगी पंकज कुमार ने दावा किया कि विधानसभा के पास पुलिस की ओर से किए गए लाठीचार्ज में महतो घायल हुए हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सोमवार को विधानसभा के पास प्रदर्शन (JPSC Protest) कर रहे छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने पहले अपील की। छात्र गेट नंबर-1 के पास बैठे रहे, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद लाठीचार्ज भी हुआ। अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान कई प्रदर्शनकारी और चार पुलिसकर्मी घायल हुए।
छात्रों ने कहा- अब मुख्यमंत्री से ही होगी बात
लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया। छात्रों ने कहा कि अब सरकार के साथ किसी अन्य स्तर पर बातचीत नहीं होगी। उनका कहना है कि आगे बातचीत हुई तो सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होगी।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक भगदड़ और लाठीचार्ज के दौरान कई छात्रों को चोटें आई हैं। कुछ छात्राओं के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। छात्र नेताओं ने आंदोलन (JPSC Protest) को आगे और तेज करने की चेतावनी दी है।
Also Read: JNU में फिर गरमाया माहौल, उमर खालिद की किताब पर कार्यक्रम से बढ़ी तनातनी, लगे रिहाई के नारे

