Lucknow News: SGPGI में 5 साल के बच्चे के किडनी ट्यूमर की जटिल सर्जरी सफल, IVC तक फैल चुका था कैंसर

Lucknow News: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में डॉक्टरों ने 5 वर्षीय बच्चे के किडनी ट्यूमर की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की है।

बच्चे को विल्म्स ट्यूमर था, जो बच्चों में होने वाला एक प्रकार का किडनी कैंसर है। ट्यूमर किडनी से निकलकर शरीर की प्रमुख रक्त वाहिका इन्फीरियर वेना कावा (IVC) तक फैल चुका था।

कानपुर निवासी बच्चे के पेट में करीब एक साल से गांठ थी। जांच के बाद विल्म्स ट्यूमर की पुष्टि हुई।

बच्चे का कानपुर में पांच चरण की कीमोथेरेपी से उपचार किया गया, जिसके बाद उसे आगे के इलाज के लिए एसजीपीजीआई रेफर किया गया।

IVC तक फैला था ट्यूमर

एसजीपीजीआई में प्रो. बसंत कुमार की टीम ने बच्चे की जटिल सर्जरी की। इसमें दाहिनी किडनी और यूरेटर को निकालने के साथ IVC थ्रोम्बेक्टॉमी की गई।

Lucknow News

ट्यूमर का एक हिस्सा रेट्रोहेपेटिक IVC और बाईं किडनी की नस तक फैल गया था। डॉक्टरों ने सर्जरी के दौरान ट्यूमर के इस हिस्से को भी सफलतापूर्वक निकाल दिया।

सर्जरी के बाद बच्चे की हालत में सुधार

सर्जरी के बाद बच्चे की रिकवरी अच्छी रही। डॉक्टरों के मुताबिक, अब आगे के उपचार के तहत बच्चे को कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी देने की योजना है।

प्रो. बसंत कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के पेट में किसी भी तरह की गांठ, असामान्य सूजन या लगातार बनी रहने वाली समस्या को नजरअंदाज न करें।

ऐसी स्थिति में समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच और उपचार कराना बेहद जरूरी है।

Also Read: IIT के रिटायर्ड अफसर को ED का डर दिखाकर 5 दिन किया डिजिटल अरेस्ट, ठगे 16.55 लाख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.