कानपुर SBI के बैंक लॉकर से 50 लाख के पुश्तैनी जेवर गायब, कर्मचारियों पर FIR दर्ज

Kanpur News: शहर के स्वरूप नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने बैंक में लॉकर रखने वाले ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। एक महिला उपभोक्ता के लॉकर में रखे करीब 50 लाख रुपये की कीमत के पुश्तैनी गहने रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए। इस घटना के सामने आने के बाद पीड़िता की तहरीर पर कानपुर पुलिस ने बैंक के शाखा प्रबंधक (ब्रांच मैनेजर) और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ साजिश और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

2011 से नियमित कट रहा था किराया

पीड़िता रश्मि अरोड़ा (निवासी कौशलपुरी) के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2003 में स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर में खाता खुलवाकर लॉकर नंबर-23 लिया था। बाद में इस बैंक का विलय एसबीआई में हो गया। 2011 में पति के निधन के बाद वह लखनऊ में अपनी बेटी के पास रहने चली गईं। हालांकि, उनके बचत खाते से लॉकर का सालाना शुल्क लगातार कटता रहा। चार महीने पहले जब वह बैंक पहुंचीं तो कर्मचारियों ने शुरुआत में उनके नाम पर कोई भी लॉकर दर्ज होने से साफ इनकार कर दिया। काफी मिन्नतों और पुराने रिकॉर्ड खंगालने के बाद आखिरकार लॉकर नंबर 23 की पहचान हुई।

27 जुलाई को खुला लॉकर तो खाली मिला डिब्बा

गत 27 जुलाई को जब रश्मि ने बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में अपना लॉकर खोला, तो उसके अंदर रखे 50 लाख रुपये के बहुमूल्य गहने गायब थे। पीड़िता ने बैंक प्रबंधन पर मिलीभगत और साजिश के तहत जेवर गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। स्वरूप नगर पुलिस अब बैंक के एंट्री रजिस्टर, चाबियों के मास्टर रिकॉर्ड और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि ग्राहक की मूल चाबी और उनकी गैर-मौजूदगी के बिना लॉकर का ताला आखिर खोला कैसे गया?

Also Read: Lucknow News: SGPGI में 5 साल के बच्चे के किडनी ट्यूमर की जटिल सर्जरी सफल, IVC तक फैल चुका था कैंसर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.