अकाली दल वारिस पंजाब दे ने इंदिरा गांधी के हत्यारे केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह को दिया टिकट

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर अकाली दल वारिस पंजाब दे (ADWPD) ने अपनी चुनावी बिसात बिछाने की शुरुआत कर दी है। पार्टी ने बस्सी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को अपना पहला उम्मीदवार घोषित किया है। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश के दोषी केहर सिंह के बेटे हैं। उल्लेखनीय है कि केहर सिंह को इस मामले में फांसी की सजा दी गई थी। इस उम्मीदवार के नाम के ऐलान के साथ ही राज्य में एक नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है।

उम्मीदवार के नाम की घोषणा खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने की। तरसेम सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी की राजनीति महज सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पंथिक सिद्धांतों, पंजाब के अधिकारों और पंथ के लिए बलिदान देने वाले परिवारों के सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

आलोचकों को करारा जवाब

तरसेम सिंह ने कहा कि कुछ लोग यह भ्रम फैला रहे थे कि पार्टी शहीद परिवारों को दरकिनार कर रही है। पहला उम्मीदवार एक शहीद परिवार से उतारकर पार्टी ने इस धारणा को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कुर्बानी देने वाले परिवारों को सम्मान केवल बातों में नहीं, बल्कि पार्टी की बड़ी जिम्मेदारियों में उनका हक देकर दिया जा रहा है।

बस्सी पठाना सीट से सतवंत सिंह को मैदान में उतारने का यह फैसला पंथिक राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। जहां एक ओर समर्थक इसे पंथिक भावनाओं और सही प्रतिनिधित्व से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इंदिरा गांधी की हत्या से जुड़ी पृष्ठभूमि को लेकर सवाल उठा सकते हैं। आगामी चुनावों में इसका सीधा असर क्षेत्र के पंथिक वोट बैंक पर देखने को मिल सकता है।

Also Read: UP Scholarship 2026: 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए आवेदन शुरू, जानें पूरा तरीका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.