Lucknow News: धर्मांतरण की ‘सीक्रेट डायरी’ में विदेशी फंडिंग का हिसाब, ED-CBI से क्या कहना है, सब का था जवाब
Lucknow News: लखनऊ के भदेसुआ नयाखेड़ा गांव में रविवार को कथित अवैध चर्च से पकड़े गए चंद्रिका प्रसाद के पास मिले दस्तावेजों को लेकर नए सवाल खड़े हुए हैं। दावा है कि डायरी के कुछ पन्नों में विदेशी फंडिंग के हिसाब-किताब और जांच एजेंसियों से पूछताछ की स्थिति में क्या जवाब देना है, इससे जुड़ी बातें लिखी हैं। कुछ जानकारी कोड में लिखे होने की भी बात सामने आई है।
बताया गया है कि डायरी में केंद्र सरकार के प्रस्तावित एफसीआरए (विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम) से जुड़े घटनाक्रम का भी जिक्र है। दावा है कि 25 जून को इस मुद्दे पर एक बैठक हुई थी। हालांकि, बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस बोली- दस्तावेजों की जांच जारी
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली बसंथ कुमार ने कहा कि चंद्रिका के पास मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि इनमें कोई साक्ष्य मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी। उनके मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली थी, इसलिए पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। जरूरत पड़ने पर दोबारा बुलाया जाएगा।
रविवार को हिंदू संगठनों ने चर्च में पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी। मौके से धार्मिक पुस्तकें, ईसाई साहित्य और अन्य सामान मिलने की बात कही गई। चंद्रिका प्रसाद, उनकी पत्नी समेत पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
जमीन की भी होगी पैमाइश
राजस्व निरीक्षक के मुताबिक शुरुआती जांच में चर्च वाली जमीन मिलजुमला नंबर में दर्ज मिली है। मंगलवार को टीम दोबारा पैमाइश करेगी। आसपास के गाटों की भी जांच होगी और रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय को भेजी जाएगी। फिलहाल दस्तावेजों और जमीन से जुड़े मामलों की जांच जारी है।
Also Read: TMC को सुप्रीम कोर्ट से लगा झटका, फ्रीज बैंक खातों पर दखल देने से किया इनकार

