राम मंदिर ट्रस्ट की CEO भर्ती पर अमिताभ ठाकुर ने उठाए सवाल, मांगी पूरी जानकारी

Amitabh Thakur: पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से मंदिर के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के चयन को लेकर सवाल किए हैं। उन्होंने इस संबंध में ट्रस्ट को पत्र भेजकर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

ठाकुर ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि CEO पद के लिए करीब 5,200 आवेदन मिले थे। इनमें से 18 उम्मीदवारों को अंतिम इंटरव्यू के लिए 11 और 12 अगस्त को अयोध्या बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें इस प्रक्रिया से जुड़ी कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है।

चयन प्रक्रिया पर पारदर्शिता का सवाल

अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत तौर पर इस बात की शिकायत नहीं है कि उनका चयन हुआ या नहीं। उनका सवाल पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर है। उन्होंने कहा कि हजारों आवेदन आने, उनकी छंटाई पूरी होने और अंतिम इंटरव्यू के लिए उम्मीदवार चुने जाने की जानकारी सामने आने के बावजूद चयनित अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

ये जानकारी सार्वजनिक करने की मांग

ठाकुर ने ट्रस्ट से अंतिम साक्षात्कार के लिए चुने गए सभी 18 उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही उन्होंने चयन के प्रमुख मानदंड और पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की है।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी आवेदकों को उनके आवेदन की स्थिति की औपचारिक जानकारी दी जानी चाहिए। ठाकुर का कहना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता बनी रहेगी और आवेदकों को भी अपने आवेदन की स्थिति स्पष्ट रूप से पता चल सकेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.