पूर्वांचल के नेता बीके शुक्ला RLD में शामिल, जयंत चौधरी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

Jayant Chaudhary: पूर्वांचल के वरिष्ठ नेता और लखनऊ स्नातक खंड से पूर्व विधान परिषद प्रत्याशी बीके शुक्ला ने मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का दामन थाम लिया। उन्होंने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के आवास पर प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान RLD के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा भी मौजूद रहे।

जयंत चौधरी ने शुक्ला का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें अपने समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी दी। साथ ही पूर्वांचल में RLD को मजबूत करने के लिए काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि शुक्ला के सामाजिक और राजनीतिक अनुभव का पार्टी को फायदा मिलेगा।

ब्राह्मण समाज में मजबूत पकड़ का दावा

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने बीके शुक्ला को पूर्वी यूपी का जमीन से जुड़ा नेता बताया। उन्होंने दावा किया कि ब्राह्मण समाज में शुक्ला की मजबूत पकड़ है। उनके RLD में आने से पूर्वांचल और अवध में पार्टी का सामाजिक आधार बढ़ेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में भी उनकी सक्रियता का लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।

2020 में MLC चुनाव लड़ चुके हैं

बीके शुक्ला लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने 2020 में लखनऊ स्नातक खंड से विधान परिषद चुनाव लड़ा था और 10 हजार से अधिक वोट हासिल किए थे। इस खंड के प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई और बाराबंकी में उनकी सक्रियता रही है।

सदस्यता कार्यक्रम में केसी त्यागी, सांसद चंदन चौहान समेत पार्टी के कई नेता और पूर्वांचल-अवध क्षेत्र से आए कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी को शुक्ला के आने से संगठन विस्तार में मजबूती की उम्मीद है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.