बैनामा गलत बताकर FIR की धमकी, 1 लाख रुपये लेते रजिस्ट्री ऑफिस का बाबू गिरफ्तार

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। फतेहपुर की खागा तहसील स्थित उप निबंधक कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई प्रयागराज से पहुंची 13 सदस्यीय टीम ने की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एंटी करप्शन टीम के मुताबिक, संग्रामपुर सानी निवासी भीम सिंह ने 17 जून को एक बैनामा कराया था। आरोप है कि कार्यालय में तैनात बाबू ने बैनामे को गलत बताते हुए भीम सिंह को मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। कार्रवाई से बचाने के बदले उसने एक लाख रुपये मांगे।

रजिस्ट्री कार्यालय में ही पकड़ा गया बाबू

लगातार रिश्वत मांगे जाने से परेशान भीम सिंह ने 8 अगस्त को प्रयागराज की भ्रष्टाचार निवारण संगठन इकाई में शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे ट्रैप की कार्रवाई शुरू की।

योजना के मुताबिक जैसे ही भीम सिंह ने रजिस्ट्री कार्यालय में एक लाख रुपये राहुल कुमार बौद्ध को दिए, टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी प्रतापगढ़ के पूरेघनी, रेडबीर, कोतवाली देहात का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद लोक सेवक गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया गया।

कुशीनगर में भी क्लर्क पकड़ा गया था

एआईजी स्टाम्प मोहम्मद मसूदखान ने बताया कि बाबू के रिश्वत लेते पकड़े जाने की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

इससे पहले कुशीनगर में जिला उद्योग विभाग के एक क्लर्क को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया था। यह रकम सब्सिडी की पहली किस्त खाते में भेजने के बदले मांगी गई थी। शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप कर उसे गिरफ्तार किया था।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.