पानी की टंकी और 2 बकरी के लालच से हो रहा था लखनऊ में धर्मांतरण का खेल! सीक्रेट डायरी से हुआ खुलासा

Religious Conversion in Lucknow: लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के रायपुर भदेशवा गांव में एक मकान में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बजरंग दल और श्रीराम सनातन सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सभा की आड़ में गरीब ग्रामीणों को कथित तौर पर प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस पादरी चंद्रिका प्रसाद समेत कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।

हिंदू संगठनों का दावा है कि मौके से एक डायरी और धार्मिक किताबें मिली हैं। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, डायरी में लोगों को दो बकरी देने और घर में पानी की टंकी बनवाने जैसे कथित प्रलोभनों का जिक्र था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पादरी हिंदू नाम का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करता था।

अभी किसी ने नहीं दी लिखित शिकायत: पुलिस

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों ने बताया कि वे अपनी इच्छा से वहां आए थे। थाना प्रभारी के अनुसार, इस स्थान पर 2009-10 से चर्च या प्रार्थना सभा संचालित होने की जानकारी मिली है। घटना के समय वहां करीब चार-पांच लोग मौजूद थे।

पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी व्यक्ति ने धर्मांतरण (Conversion) या जबरन किसी तरह का प्रलोभन दिए जाने को लेकर लिखित शिकायत नहीं दी है। ऐसे में फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

तहरीर लेने को लेकर भी उठे सवाल

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी तहरीर लेने में टालमटोल की। संगठन का कहना है कि पुलिस किसी प्रत्यक्ष पीड़ित के सामने आने के बाद ही कार्रवाई की बात कह रही थी। हालांकि पुलिस मामले में जांच जारी होने की बात कह रही है।

इसी मामले के बीच अखिल भारत हिंदू महासभा ने धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून की मांग उठाई है। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर आरोप लगाया कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में चंगाई सभा के नाम पर धर्मांतरण कराया जा रहा है।

संगठन ने गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग के लोगों को नौकरी, इलाज, शिक्षा और आर्थिक मदद का कथित लालच दिए जाने का भी आरोप लगाया है। साथ ही बिना प्रशासनिक अनुमति के चर्च और प्रार्थना सभाएं आयोजित किए जाने का दावा किया गया है। फिलहाल रायपुर भदेशवा मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Also Read: लखनऊ में चल रहा था विदेशी महिलाओं का हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट, IB के शिकंजे में उजबेकिस्तान की लोला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.