जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला स्मार्टफोन, असिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट सस्पेंड

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार में सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) द्वारा मारे गए अचानक छापे से हड़कंप मच गया है। छापेमारी के दौरान जेल में बंद जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना और प्रताप राय नामक एक अन्य कैदी के पास से अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

डीजीपी (जेल) आलोक कुमार ने जानकारी दी कि मंगलवार दोपहर सीसीबी की टीम ने जेल में बंद सभी हाई-प्रोफाइल कैदियों के बैरकों में सघन तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान प्रज्वल रेवन्ना के कब्जे से एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन जब्त किया गया।

रेवन्ना और प्रताप राय के खिलाफ जेल में प्रतिबंधित सामान रखने और नियमों के उल्लंघन के आरोप में ‘प्रिजन्स एक्ट’ की धारा 42 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। डीआईजी (साउथ) की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर संबंधित असिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है, जबकि बेंगलुरु सेंट्रल जेल के एसपी को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है। जांच अधिकारी जेल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह एंड्रॉयड फोन जेल के कड़े सुरक्षा घेरे को तोड़कर अंदर कैसे पहुंचा।

अश्लील वीडियो मामले में जेल में बंद हैं रेवन्ना

गौरतलब है कि पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना कई महिलाओं के कथित अश्लील वीडियो और यौन शोषण के गंभीर आरोपों में जेल में बंद हैं। इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने हासन की वरिष्ठ सिविल अदालत में 13,712 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी। जांच के दौरान कुल 52 लोगों के नाम सामने आए थे, जिनमें से 39 आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने पर चार्जशीट दायर की गई। एसआईटी के मुताबिक, आरोपियों ने वीडियो वायरल करने के लिए हासन से करीब 70 पेन ड्राइव खरीदी थीं। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान दर्ज हुई शिकायत के बाद शुरू हुई इस जांच में एसआईटी अब तक 277 गवाहों के बयान दर्ज कर चुकी है।

Also Read: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जॉर्जिना रोड्रिग्ज संग रचाई शादी, 9 साल के अफेयर के बाद एक-दूसरे के हुए दोनों

Get real time updates directly on you device, subscribe now.