जंतर-मंतर का ‘सीजन-2’ जल्द, CJP फाउंडर का ऐलान, बोले- ‘बहुत जल्द फिर उठेगी आवाज’

Sandesh Wahak Digital Desk: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) ने जंतर-मंतर के ‘सीजन-2’ को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम पर लगातार लोग पूछ रहे हैं कि जंतर-मंतर का दूसरा सीजन कब शुरू होगा। अब उन्होंने साफ कर दिया है कि यह अभियान बहुत जल्द शुरू होने वाला है।

हालांकि, दिपके ने अभी यह नहीं बताया कि इस बार जंतर-मंतर पर किस मुद्दे को लेकर आवाज उठाई जाएगी। उनके इस ऐलान को उनके हालिया बयान से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने गांवों के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू करने की बात कही थी।

‘हॉल देने से भी डर रहे लोग’

मीडिया से बातचीत में Abhijeet Dipke ने आरोप लगाया कि दिल्ली में CJP वॉलंटियर्स की बैठक के लिए हॉल तक नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर लोगों ने यह कहते हुए हॉल देने से इनकार कर दिया कि ‘ऊपर से दबाव’ है।

दिपके के मुताबिक, काफी कोशिश के बाद एक हॉल मिला और उसकी रसीद भी उनके पास है। लेकिन उनका दावा है कि बैठक से पहले हॉल मालिकों को धमकियां दी गईं और कहा गया कि अगर यहां मीटिंग होने दी गई तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

दिपके ने इस पूरे मामले के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को लगता है कि ऐसी हरकतों से CJP डर जाएगी तो यह उसकी बड़ी गलतफहमी है।

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई कर रही है और क्या कानून-व्यवस्था को लेकर उसकी कोई जिम्मेदारी नहीं है।

15 अगस्त से सरकारी स्कूलों पर अभियान

गौरतलब है कि Abhijeet Dipke ने सोमवार को गांवों के सरकारी स्कूलों की हालत सुधारने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की थी। उन्होंने अभिभावकों से स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का सोशल ऑडिट करने और सरपंचों से स्कूलों की स्थिति सुधारने की जिम्मेदारी उठाने की अपील की थी।

CJP के मुताबिक, यह अभियान 15 अगस्त से शुरू किया जाएगा। ऐसे में अब जंतर-मंतर के ‘सीजन-2’ के ऐलान के बाद नजर इस बात पर है कि नया प्रदर्शन इसी अभियान से जुड़ा होगा या पार्टी किसी दूसरे मुद्दे को लेकर राजधानी में मोर्चा खोलेगी।

Also Read: पूर्व जज यशवंत वर्मा कैश कांड में लोकसभा में पेश हुई 3 सदस्यीय समिति की जांच रिपोर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.