मायावती का बड़ा एक्शन, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अंटू मिश्रा को बसपा से किया निष्कासित

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। संगठन को मजबूत और अनुशासित बनाने की कवायद के तहत उन्होंने बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट साझा कर इस कड़े फैसले की सार्वजनिक पुष्टि की है।

कार्यकर्ताओं से की निष्ठापूर्वक काम करने की अपील

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी अपने बयान में बसपा प्रमुख ने लिखा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के कारण निष्कासित किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि राज्य में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं, ऐसे में पार्टी के हर स्तर के कार्यकर्ता को विरोधियों के साम, दाम, दंड, भेद जैसे हथकंडों व साजिशों से सतर्क रहना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी के साथ आम्बेडकरवादी मिशन को 2027 के चुनाव में सफल बनाने में जुट जाएं।

भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर भी गिर चुकी है गाज

गौरतलब है कि अंटू मिश्रा से पहले मायावती ने अपने रिश्तेदारों और वरिष्ठ नेताओं पर भी सख्त रुख अपनाया था। हाल ही में उन्होंने अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर व पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ और सहारनपुर रेजीडेंट कोआर्डिनेटर रणधीर सिंह बेनीवाल को भी अनुशासनहीनता व काम में लापरवाही के आरोप में निष्कासित कर दिया था। अशोक सिद्धार्थ को इससे पहले भी फरवरी 2025 में महाराष्ट्र चुनाव के बाद निष्कासित किया गया था। बीएसपी सुप्रीमो ने कड़ा संदेश देते हुए यह भी साफ कर दिया है कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पार्टी से बाहर किए गए ऐसे नेताओं के लिए भविष्य में वापसी के सभी रास्ते पूरी तरह से बंद हो चुके हैं।

Also Read: Lucknow News: 12 साल की उम्र से पिता कर रहा था दुष्कर्म, मां ने कराया अबॉर्शन, FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.